रांची : बाल विवाह और बाल श्रम अपराध हैं। इनकी रोकथाम के साथ लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची ने गुरुवार को जागरूकता अभियान चलाया। गुरुवार को LED विधिक जागरूकता वाहन के माध्यम से रातू थाना क्षेत्र के पंडरा, रवि स्टील और रातू चट्टी में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
Read More : रांची में प्रभातफेरी का समापन कल, सभी गुरुद्वारों की संगत मेन रोड में होगी एकत्र
यह अभियान झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष एवं माननीय न्यायमूर्ति सुजित नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश पर चलाया गया। झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना और रांची के न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में डालसा सचिव के नेतृत्व में टीम ने लोगों को नालसा और झालसा की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
बाल विवाह, बाल श्रम और तस्करी के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान पीएलवी पुष्पलता देवी, पूनम देवी और सुनीता देवी ने लोगों को बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, दहेज प्रथा और पारिवारिक हिंसा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इसके अलावा जमीन विवाद, स्पॉन्सरशिप योजना और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया। डालसा के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। टीम ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उन्हें कानूनी मदद के बारे में बताया।
पेंशन, राशन कार्ड और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
सुजिता देवी और प्रीतम सक्सेना ने लोगों को विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, जॉब कार्ड, राशन कार्ड समेत सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत
कार्यक्रम के अंत में डालसा की टीम ने 12 दिसंबर को व्यवहार न्यायालय, रांची में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में लोगों को बताया। पुष्पलता देवी और पूनम देवी ने कहा कि वादकारी राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने वादों का निस्तारण निःशुल्क करा सकते हैं। इस दौरान नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। टीम ने लोगों के बीच पंपलेट और लीफलेट वितरित किए। कार्यक्रम में पीएलवी सुनीता देवी, पूनम देवी, पुष्पलता देवी, सुजीता देवी, प्रीतम कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित थे।






