रांची : बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने और उन्हें हर तरह के शोषण से बचाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की ओर से शनिवार को राहे स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के तहत हुए इस कार्यक्रम में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में बताया गया। डालसा की टीम ने कहा कि बच्चों का बचपन सुरक्षित रखना सिर्फ उनका अधिकार नहीं, बल्कि एक अच्छे, शिक्षित और मजबूत समाज की नींव भी है।
Read More : दीपावली पर स्थानीय दुकानों से खरीदारी करें, चैंबर की अपील
यह कार्यक्रम झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश सह झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश पर आयोजित किया गया। झालसा की सदस्य सचिव रंजना अस्थाना और न्यायायुक्त सह डालसा अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। डालसा सचिव के नेतृत्व में इस अभियान के जरिए बच्चों को बाल श्रम, बाल विवाह, मानव तस्करी, यौन अपराध, शोषण और उत्पीड़न से बचाने पर खास जोर दिया जा रहा है।
कमजोर और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त कानूनी मदद देना मकसद
डालसा के पीएलवी पुष्पा कुमारी और जगदीश महतो ने बताया कि हर साल 9 नवंबर को पूरे देश में राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का मकसद समाज के गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में जानकारी देना और हर नागरिक तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि डालसा चाहता है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोग, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, दिव्यांगजन, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समेत कानूनी मदद के पात्र किसी भी वर्ग का व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे। जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता मिल सके, इसके लिए जागरूकता जरूरी है।
बच्चों के साथ गलत हो तो चुप न रहें, तुरंत दें जानकारी
पीएलवी जगदीश महतो और सुभाष चंद्र महतो ने बच्चों की सुरक्षा पर बात करते हुए कहा कि बच्चों के साथ यौन शोषण या किसी तरह का उत्पीड़न होने पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे मामलों में पीड़ित बच्चों की इज्जत और पहचान की गोपनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्हें जरूरी कानूनी मदद भी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ किसी तरह का गलत व्यवहार या शोषण होने पर चुप नहीं रहना चाहिए। माता-पिता, शिक्षकों और समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि बच्चों की बात ध्यान से सुनें, उनकी परेशानी समझें और किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें।
12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
कार्यक्रम के दौरान डालसा की टीम ने लोगों को आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी। इस मौके पर पीएलवी पुष्पा कुमारी, जगदीश महतो, दिलखुश महतो, सुभाष चंद्र महतो, स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग मौजूद रहे।



