मुंबई : मुंबई के कुर्ला इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार तड़के महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MHADA) की इमारत के पास चलाए जा रहे एक अभियान के दौरान झुग्गी-झोपड़ी बस्ती पर क्रेन गिर गई। इस हादसे में आठ लोग घायल हो गए हैं। अचानक हुई इस घटना से मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया।
Read More : जयपाल सिंह स्टेडियम में निषेधाज्ञा लागू, 18 अक्टूबर तक रहेगा प्रतिबंध
तड़के 3:00 बजे हुआ हादसा
मुंबई नगर निगम (BMC) के अनुसार, यह दुर्घटना कुर्ला ईस्ट के इंदिरा नगर स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के पीछे, बंटारा भवन और म्हाडा बिल्डिंग के पास सुबह करीब 3:04 बजे हुई। घटना की सूचना मिलते ही बीएमसी की मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और संबंधित वार्ड के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
जेसीबी से क्रेन चढ़ाते वक्त बिगड़ा संतुलन
घटनास्थल पर मौजूद बीएमसी के एक जूनियर इंजीनियर ने बताया कि म्हाडा द्वारा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानी थी। इस ऑपरेशन के लिए क्रेन को एक स्थान पर तैनात (सेट) किया जा रहा था। क्रेन को चढ़ाने और संतुलित करने के लिए एक जेसीबी (JCB) मशीन का सहारा लिया जा रहा था, तभी अचानक जेसीबी का संतुलन बिगड़ गया और भारी-भरकम क्रेन सीधे बगल में स्थित झुग्गी बस्ती के ऊपर जा गिरी।
Mumbai, Maharashtra: A crane deployed for demolition work collapsed onto houses in Qureshi Nagar, Kurla, around 2:35–2:45 am. Four to five houses were damaged, and several people were injured. More details are awaited pic.twitter.com/uXRcJcmSrl
— IANS (@ians_india) August 21, 2026
3 से 4 लोग फंसे, 8 अस्पताल में भर्ती
शुरुआती रिपोर्ट्स में क्रेन के मलबे के नीचे 3 से 4 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी, जिन्हें दमकल विभाग की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। 6 घायलों को सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2 घायलों को इलाज के लिए कुर्ला भाभा अस्पताल भेजा गया है। बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, दोनों अस्पतालों में भर्ती सभी आठों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सुरक्षा कारणों से घायलों के नामों का खुलासा अभी नहीं किया गया है। घटना के सटीक कारणों और क्रेन संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है।








