धनबाद : कोयला नगरी धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर भाकपा माले के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एक दिवसीय धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने निरसा और गोविंदपुर में बन रहे एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण कार्य और उसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। इसके साथ ही माले नेताओं ने निर्माण में अनियमितता रोकने, परियोजना की डीपीआर (DPR) सार्वजनिक करने और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की। इस एकदिवसीय धरने में निरसा विधायक अरूप चटर्जी और सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। माले नेताओं ने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर निर्माण में तय मानक गुणवत्ता का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इसमें सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है।
Read More : शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर जमशेदपुर में स्थापित हुआ शिलापट्ट
निरसा विधायक ने उठाए गंभीर सवाल
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि निरसा और गोविंदपुर में ओवरब्रिज की मांग वर्ष 2008 से की जा रही है और इसके लिए जनता ने लंबा आंदोलन किया है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गोविंदपुर में फ्लाईओवर निर्माण के दौरान लोकल सरियों का इस्तेमाल किया जा रहा है और पाइलिंग की गुणवत्ता भी बेहद कमजोर है। विधायक ने परियोजना की डीपीआर को सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि माले विकास कार्यों का विरोध नहीं कर रही है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण चाहती है। अरूप चटर्जी ने कहा कि किसी भी कीमत पर निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं होने दिया जाएगा और इसमें स्थानीय लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
घटिया निर्माण और रोजगार के मुद्दे पर प्रशासन को चेतावनी
सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने भी फ्लाईओवर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिस स्तर का निर्माण होना चाहिए, वैसा काम धरातल पर नहीं दिख रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि इसी तरह का निर्माण जारी रहा तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि इस परियोजना में स्थानीय लोगों को अपेक्षा के अनुसार रोजगार नहीं मिल रहा है। माले नेताओं ने कहा कि इसी मांग को लेकर एकदिवसीय धरना दिया गया है ताकि जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया जा सके।




