रांची : रांची महानगर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत चुटिया स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में बीएलओ और बीएलए के साथ करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठक कर अभियान की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में शामिल कर्मियों से विस्तृत चर्चा की और अभियान में सहभागी भी बना।
Read More : रांची अशोक नगर चोरी कांड में एक और गिरफ्तारी, 60 लाख के जेवरात बरामद
प्रखंड अध्यक्ष प्रशांत गौरव और दीपेश पाठक ने बताया कि मतदान केंद्र संख्या 336 में कुल 1,226 मतदाताओं में से केवल 481, मतदान केंद्र संख्या 334 में 1,639 मतदाताओं में से 810 तथा मतदान केंद्र संख्या 337 में 1,499 मतदाताओं में से भी बड़ी संख्या में लोगों ने अपना या अपने परिजनों का नाम सूचीबद्ध नहीं कराया है। उनका दावा है कि इसकी प्रमुख वजह लोगों में जागरूकता की कमी है।
बीएलओ की समस्याओं की भी ली जानकारी
कार्यक्रम में शामिल महानगर उपाध्यक्ष अरुण चावला ने बीएलओ सोनिया शबनम बारा, पूनम देवी, लुसिया किंडो, नीमा तिग्गा, अमन समद और बद्री विशाल सहित अन्य कर्मियों का इस जिम्मेदारीपूर्ण कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बीएलओ से अभियान के दौरान आने वाली समस्याओं और चुनौतियों की भी जानकारी ली। बैठक के दौरान बीएलओ ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि झारखंड सरकार की ओर से रथ मेला और रविवार के दिन भी इस कार्य के लिए कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं किया गया है।
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल
बैठक के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने सभी बीएलओ और बीएलए के साथ नाश्ता किया तथा उनके कार्य के लिए धन्यवाद दिया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने उनसे विदा ली। इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष अरुण चावला, प्रशांत गौरव, दीपेश पाठक, महेश राय, दीपक लोहारा और भोला नायक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




