रांची अशोक नगर चोरी कांड में एक और गिरफ्तारी, 60 लाख के जेवरात बरामद

रांची के चर्चित अशोक नगर चोरी मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है।
अशोक नगर

रांची : रांची के चर्चित अशोक नगर चोरी मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को 60 लाख रुपये के जेवरात के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक पुलिस तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और एक करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात बरामद किए जा चुके हैं।

Read More : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने मांगा प्रथम अनुपूरक बजट, सभी इकाइयों से तलब की वित्तीय रिपोर्ट

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच लगातार जारी है और घटना में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचने के लिए विभिन्न राज्यों में छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अनुसंधान को केवल शुरुआती गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि पूरे गिरोह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

9 जुलाई को दो घरों में हुई थी बड़ी चोरी

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घरों में चोरी की बड़ी घटना हुई थी। इस संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 172/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के मार्गदर्शन में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (हटिया) के नेतृत्व में विशेष एसआईटी का गठन किया गया।

जांच के दौरान एसआईटी ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य डिजिटल इनपुट का विश्लेषण किया। इसके आधार पर संदिग्धों की पहचान कर कई राज्यों में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कोलकाता से चोरी में इस्तेमाल की गई नीले रंग की जगुआर कार (UP78EM0101), चोरी के कुछ सोने के आभूषण और 17 लाख 36 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए गए।

अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपी चिन्हित

पुलिस ने इस मामले में अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों की पहचान इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, तीनों मुख्य आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस ने इरफान और अफरोज के घरों में भी छापेमारी की। वहां से उनकी पत्नियों के कब्जे से चोरी के गहने और नकदी बरामद की गई। इसके बाद बिहार के सीतामढ़ी निवासी गुलशन प्रवीण, पत्नी इरफान और दिल्ली के बवाना निवासी शकीला उर्फ लाडली, पत्नी अफरोज को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ कर चोरी के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

80 से अधिक मामलों में वांछित है गिरोह का सरगना

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का सरगना मो. इरफान देश के कई राज्यों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ करीब 80 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इरफान पर कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, पुणे, केरल, सीतामढ़ी और जालंधर समेत कई शहरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *