रांची : रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री से सोमवार को चान्हो प्रखंड के बेयासी गांव के आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए DC ने अंचल अधिकारी, चान्हो को स्थानीय चान्हो थाना के सहयोग से पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अवैध कब्जा सही पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाकर प्रभावित आदिवासी परिवारों के वैध अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
अवैध कब्जे पर होगी सख्त कार्रवाई
DC मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि आदिवासी समुदाय जिले की रीढ़ हैं और उनकी जमीन से जुड़ी किसी भी शिकायत को जिला प्रशासन शून्य सहनशीलता की नीति के तहत देखता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने दिया सख्ती का संदेश
रांची जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भूमि संबंधी विवादों में कानून के अनुरूप सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जन शिकायत के लिए जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर अबुआ साथी (9430328080) का भी उपयोग किया जा सकता है।




