रांची में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आधुनिक वेंडिंग ज़ोन, ₹3.26 करोड़ की परियोजना को मिली रफ्तार

सड़क किनारे कारोबार करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को अब जल्द ही आधुनिक और स्थायी कार्यस्थल मिलने की दिशा में रांची नगर निगम ने बड़ी पहल तेज कर दी है।
स्ट्रीट वेंडर्स

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : सड़क किनारे कारोबार करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को अब जल्द ही आधुनिक और स्थायी कार्यस्थल मिलने की दिशा में रांची नगर निगम ने बड़ी पहल तेज कर दी है। मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने मोराबादी और पंडरा क्षेत्र में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन वेंडिंग ज़ोन का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल वेंडर्स को स्थान उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ऐसे आधुनिक वेंडिंग ज़ोन विकसित करना है जो शहर की नई पहचान बनें और स्ट्रीट वेंडर्स को सम्मानजनक आजीविका प्रदान करें।

Read More : चतरा में SP आवास के सामने गार्ड की गोली मारकर हत्या, आरोपी जवान गिरफ्तार

मोराबादी में ₹3.26 करोड़ से बनेगा आधुनिक वेंडिंग ज़ोन

निरीक्षण की शुरुआत मोराबादी रजिस्ट्री ऑफिस के सामने निर्माणाधीन वेंडिंग ज़ोन से हुई। करीब ₹3.26 करोड़ की लागत से बनने वाले इस परिसर में 205 स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी दुकानें और व्यवसाय की व्यवस्था की जा रही है। परियोजना के तहत पेयजल, आधुनिक शौचालय, चौड़े पाथवे, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, विद्युत व्यवस्था, गार्ड रूम, लैंडस्केपिंग और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नगर आयुक्त ने करीब एक एकड़ क्षेत्र को मॉडल सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह वेंडिंग ज़ोन केवल व्यापारिक परिसर नहीं, बल्कि शहर की नई पहचान बनेगा, जहां नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और वेंडर्स को सम्मानजनक वातावरण मिलेगा।

आसपास के क्षेत्र का भी होगा समग्र विकास

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने आसपास की सरकारी भूमि को भी परियोजना में शामिल कर समग्र विकास योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने पाथवे, कलवर्ट, बाउंड्री वॉल, पार्किंग, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाओं के साथ पूरे क्षेत्र को मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने मान्या पैलेस से टीआरआई तक पैदल निरीक्षण किया और पूरे मार्ग पर आधुनिक पाथवे विकसित करने के निर्देश दिए। होटल पार्क प्राइम से टीआरआई तक अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी भूमि के सुनियोजित विकास की विस्तृत योजना तैयार करने को भी कहा।

टैगोर हिल और पंडरा में भी बनेगा सुनियोजित वेंडिंग ज़ोन

नगर आयुक्त ने टैगोर हिल के समीप अस्थायी वेंडिंग स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां वर्तमान में करीब 250 स्ट्रीट वेंडर्स व्यवसाय कर रहे हैं। उन्होंने परिसर की नियमित सफाई, हाई-मास्ट लाइट, मूलभूत सुविधाओं के विकास, शेष अतिक्रमण हटाने और हरित क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए। इसके बाद पंडरा पुल के सामने स्थित सरकारी भूमि का निरीक्षण कर अधिकारियों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का निर्देश दिया। यहां आधुनिक वेंडिंग ज़ोन विकसित होने से बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स का पुनर्वास होगा, सड़क और फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त होंगे तथा यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम चरणबद्ध तरीके से सभी पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी वेंडिंग ज़ोन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना है कि वेंडर्स शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनका सम्मानजनक पुनर्वास तथा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाना दोनों समान रूप से प्राथमिकता हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *