रांची: सीएम हेमंत सोरेन आज शुक्रवार को बहु बाजार, चुटिया स्थित योगदा सत्संग आश्रम पहुंचकर स्वामी ईश्वरानंदजी एवं स्वामी निर्मलानंदजी से मुलाकात की। सीएम के साथ विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन भी थीं।
सीएम ने श्री श्री परमहंस योगानन्दजी का कक्ष, फोटो एवं पुस्तक गैलरी का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की। यहां परमहंस योगानन्दजी एवं उनके कुछ मुख्य शिष्यों द्वारा रचित पुस्तकें, प्रकाशित संदर्भ, स्वामीजी से संबंधित जारी डाक टिकट एवं फोटोग्राफ तथा स्वामीजी द्वारा इस्तेमाल की गई सामग्री को संरक्षित किया गया है।
इसके अलावा उन्होंने लीची वेदी, स्मृति मंदिर, ध्यान मंदिर, ध्यान करने हेतु उद्यान व आश्रम परिसर का भ्रमण कर वहां के संबंध में जानकारी ली। स्वामी ईश्वरानंदजी एवं स्वामी निर्मलानंदजी ने मुख्यमंत्री को आश्रम की हालिया गतिविधियों के बारे में भी अवगत कराया।




