रामगढ़/नेमरा: झारखंड के CM हेमंत सोरेन अपनी माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के बीच भी जनसेवा से जुड़े कार्यों में जुटे हैं। आज यानी मंगलवार को अपने पैतृक गांव नेमरा में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Read More : टाटानगर से बक्सर समेत कई रूटों पर चलेंगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें
पूर्व CM एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी और CM हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन का श्राद्धकर्म नेमरा में चल रहा है। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पारिवारिक अनुष्ठान पूरे करने के साथ मुख्यमंत्री सरकारी कार्यों का भी निष्पादन कर रहे हैं। नेमरा पहुंचे लोगों ने CM के समक्ष अपनी व्यक्तिगत और क्षेत्रीय समस्याएं रखीं। कई लोगों ने लिखित आवेदन भी सौंपे। CM ने उनकी बातें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जमीन, इलाज और रोजगार से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे लोग
गिरिडीह जिले के केश्वरी गांव निवासी माधो पासवान अपनी दृष्टि दिव्यांग पुत्री कालो कुमारी के साथ CM से मिलने पहुंचे। उन्होंने अपनी जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग रखी। वहीं, रांची जिले के सिल्ली प्रखंड के हाकेदाग निवासी विश्राम बेदिया ने अपनी बीमार पत्नी एतवारी देवी के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। रामगढ़ जिले के हेठबरगा निवासी राज बेदिया ने रोजगार उपलब्ध कराने और शारीरिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की मांग रखी। इसके अलावा, रामगढ़ जिले के सौंकी गांव के एक युवक ने अपने भाई अनू कुमार बेदिया की मृत्यु के बाद मुआवजा भुगतान का अनुरोध किया। राज्य के अन्य क्षेत्रों से भी लोग अपनी समस्याएं लेकर नेमरा पहुंचे। CM ने संबंधित मामलों की जांच के बाद आवश्यक समाधान करने का निर्देश दिया।
नेमरा में शोक और संवेदना का माहौल
रूपी सोरेन के निधन के बाद नेमरा गांव में शोक और संवेदना का माहौल है। दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंच रहे हैं। लोग उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं और CM हेमंत सोरेन तथा उनकी पत्नी कल्पना सोरेन से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। CM सभी आगंतुकों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर रहे हैं।
श्राद्धकर्म की तैयारियों की अधिकारियों के साथ समीक्षा
CM हेमंत सोरेन ने मंगलवार को नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उनकी माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के दशकर्म और संस्कार भोज कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। CM ने कहा कि इन कार्यक्रमों में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आगंतुकों की सुरक्षा, वाहनों की पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए व्यापक तैयारी की जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो।
गोला चौक पर छोटा सर्किल बनाने का निर्देश
बैठक के दौरान CM ने रामगढ़ के गोला चौक पर छोटे गोलंबर की तरह एक सर्किल बनाने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य चारों ओर से आने वाले वाहनों की आवाजाही आसान बनाना और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना है। CM ने कहा कि इस व्यवस्था से यातायात में बाधा कम करने और क्षेत्र में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों के साथ यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।



