रांची : रांची विश्वविद्यालय में विलंबित शैक्षणिक सत्र, परीक्षा परिणामों में देरी और अन्य शैक्षणिक समस्याओं को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने एनएसयूआई के साथ प्रशासनिक भवन का घेराव किया। आंदोलन का नेतृत्व रांची विश्वविद्यालय एनएसयूआई अध्यक्ष अधिवक्ता कैफ अली ने किया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने बैठक का नोटिस जारी किया और अगले दो सप्ताह में समस्याओं के समाधान पर निष्कर्ष निकालने का आश्वासन दिया। इस आंदोलन में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष बिनय उरांव, प्रदेश महासचिव पवन नाग और निष्चल सोय, प्रदेश प्रवक्ता तलहा अफरोज, प्रदेश सचिव इलियास अंसारी, फ्रैंकलिन बाखला और इमदाद अंसारी समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
Read More : हेमंत सोरेन से मिले पत्रकार सोमनाथ आर्य और लक्ष्मी कुमारी, दो किताबें कीं भेंट
तीसरी बार तालाबंदी पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान कैफ अली ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के लिए आखिर कितनी बार तालाबंदी करनी पड़ेगी। यह तीसरी बार है, लेकिन विश्वविद्यालय की समस्याएं अब भी जस की तस बनी हुई हैं। समय पर परीक्षाएं नहीं हो रही हैं और न ही परिणाम जारी किए जा रहे हैं। इसके कारण शैक्षणिक सत्र लगातार विलंबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य प्रशासनिक लापरवाही की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा।
30 नवंबर और 2 दिसंबर को होगी बैठक
करीब तीन घंटे के आंदोलन के बाद कुलपति, परीक्षा नियंत्रक, कुलसचिव और अन्य अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं के प्रतिनिधियों से वार्ता की। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने लिखित सूचना जारी कर बैठक की तारीखें निर्धारित कीं। नोटिस के अनुसार, 30 नवंबर को अपराह्न 3 बजे सभी नर्सिंग महाविद्यालयों के साथ बैठक होगी। वहीं, 2 दिसंबर को छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक निर्धारित की गई है। प्रशासन ने अगले दो सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान पर निष्कर्ष निकालने का आश्वासन भी दिया।
समाधान नहीं हुआ तो तेज होगा आंदोलन
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष बिनय उरांव ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक अधिकारों से समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन विश्वविद्यालय प्रशासन के आश्वासन और तय समय-सीमा पर नजर रखेगा। यदि निर्धारित अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


