रांची : बरियातू थाना के ठीक सामने गुरुवार सुबह बाइक सवार दो उचक्कों ने मॉर्निंग वॉक के लिए जा रही महिला से चेन छीन ली और फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 5:40 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता पुष्पा लकड़ा ने बताया कि वह सुबह घर से निकलकर RIMS परिसर में मॉर्निंग वॉक के लिए जा रही थीं। इसी दौरान बरियातू थाना के ठीक सामने बाइक सवार दो लड़कों ने उनकी चेन खींच ली और तेजी से फरार हो गए।
चेन छीनने के बाद मचाया शोर
पुष्पा लकड़ा के मुताबिक, चेन छीनने के बाद उन्होंने शोर मचाया। इस दौरान कुछ लोग मौके पर पहुंचे। वहीं, थाने के लोगों ने भी गाड़ी से बाइक सवारों का पीछा करने की कोशिश की। पीड़िता ने बताया कि पुलिस ने बोलेरो से पीछा किया, जबकि आरोपी बाइक पर थे। ऐसे में बाइक सवारों को पकड़ना मुश्किल रहा।
थाना के सामने लगे CCTV से सुराग की उम्मीद
पुष्पा लकड़ा ने कहा कि वह मामले को लेकर बरियातू थाना में FIR दर्ज कराएंगी। उन्होंने बताया कि थाना के सामने CCTV कैमरा भी लगा हुआ है। उनका कहना है कि CCTV फुटेज की जांच से चेन छीनने वालों का सुराग मिल सकता है। उन्होंने पुलिस से उनकी चेन बरामद कराने की अपील की है।



