रामगढ़: जिले में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने और विधि-व्यवस्था एवं लोक शांति बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ की अनुशंसा पर उपायुक्त, रामगढ़ के न्यायालय द्वारा झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA) के तहत दो कुख्यात अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक आदेश पारित किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
also read :खरना पर सीएम हेमंत और कल्पना सोरेन ने छठ व्रतियों को दी बधाई
जारी आदेश के अनुसार, कुख्यात अपराधी दिलावर खान उर्फ दिलावर अंसारी और रिंकू सिंह उर्फ राजेंद्र कुमार को आगामी तीन महीने तक हर सप्ताह निर्धारित एक दिन संबंधित थाने में उपस्थित होकर अपनी हाजिरी दर्ज करानी होगी।
साथ ही यदि इन अपराधियों के पास कोई भी लाइसेंसी हथियार है, तो उन्हें तत्काल संबंधित थाने में जमा कराना अनिवार्य होगा। सीसीए की इस अवधि के दौरान वे किसी भी परिस्थिति में अपने पास हथियार नहीं रख सकेंगे।
नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी अपराधी इस आदेश का पालन नहीं करता है या इसका उल्लंघन करता है, तो झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम की धारा 25 एवं अन्य सुसंगत कानूनी प्रावधानों के तहत उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रामगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर लगाम लगाने, उन पर निरंतर निगरानी रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार कड़े कदम उठा रही है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में शांति और कानून का राज कायम रहे।
also read :विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोप के मामले में कोर्ट में दर्ज हुआ नाबालिग का बयान






