सरायकेला : सरायकेला जिले में आज यानी शनिवार सुबह एक बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। मिली जानकारी के अनुसार शिवम बस कोलकाता से रांची की ओर जा रही थी। इसी दौरान चौका थाना क्षेत्र के झाबरी गांव के समीप बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे, जिनमें से कई यात्री घायल हो गए। बस NH-33 पर पलटी है।
Read More : गांधी जयंती पर विधानसभा अध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि, दक्षिण अफ्रीका यात्रा के अनुभव किए साझा
कैसे हुई घटना?
दुर्घटना सुबह लगभग चार बजे घटी। इस दौरान लगभग सभी यात्री नींद में थे, तभी अचानक तेज झटके के साथ बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। हादसे की जानकारी मिलते ही चौका थानेदार संजीव कुमार सिंह दलबल के साथ स्पॉट पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों के सहयोग से बस के अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद हाइवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई थी, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
प्रशासन ने क्या कहा?
थानेदार ने मीडिया को बताया कि बस में 25 से 30 यात्री मौजूद थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हुए तीन यात्रियों सहित अन्य आंशिक रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। वहीं, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।





