रांची : झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने गांधी जयंती के अवसर पर आज यानी शुक्रवार को राष्ट्रपिता के तस्वीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि बापू ने अहिंसा, प्रेम और सत्य के आग्रह से न केवल भारत को स्वतंत्रता का मार्ग दिखाया, बल्कि सम्पूर्ण विश्व को शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया है।
Read More : हुंडरू तालाब में नहाने के दौरान डूबा व्यक्ति, NDRF ने निकाला शव
दक्षिण अफ्रीका यात्रा और गांधी जी की स्मृतियां
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि वे हाल ही में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (CPA) सम्मेलन (13 से 19 सितंबर, 2026) में भाग लेकर लौटे हैं। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने महात्मा गांधी से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों एवं आश्रम का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि डरबन से प्रिटोरिया तक की रेल यात्रा गांधी जी के जीवन में एक बैरिस्टर से राष्ट्रपिता बनने की यात्रा थी। पीटरमैरिट्जबर्ग में सहे गए अपमान को उन्होंने प्रत्येक भारतीय का अपमान माना और रंगभेद के विरुद्ध संघर्ष की शुरुआत की।
वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक हैं बापू के आदर्श
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से उन्हें एहसास हुआ कि दक्षिण अफ्रीका में आज भी हर भारतीय के प्रति विशेष सम्मान का भाव है, जिसका मूल कारण गांधी जी द्वारा बोया गया सत्य और अहिंसा का संस्कार है। उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका में हुए सम्मेलन के उपरांत प्रकाशित ‘CPA BULLETIN’ पत्रिका के कवर पेज पर माननीय अध्यक्ष को स्थान दिया गया है। अंत में उन्होंने कहा कि गांधी जयंती केवल याद करने का दिन नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारने का संकल्प लेने का दिन है।





