रांची : एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हुंडरू तालाब में शुक्रवार को नहाने के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पलटू लोहरा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ ने तालाब से शव को बाहर निकाला।
Read More : रामगढ़ में 4 अक्टूबर से श्रीमद्भागवत कथा, मंगल कलश शोभायात्रा
नहाने के दौरान अधिक गहराई में चला गया
जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट के पीछे स्थित बस्ती में रहने वाला पलटू लोहरा शुक्रवार दोपहर हुंडरू तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह तालाब में अधिक गहराई की ओर चला गया और डूब गया। स्थानीय लोगों ने घटना के बाद शोर मचाया। इसके बाद आसपास के कई लोग मौके पर जुटे और पलटू को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
NDRF ने करीब एक घंटे बाद निकाला शव
सूचना मिलते ही रांची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम हुंडरू तालाब पहुंची और तलाश शुरू की। स्थानीय गोताखोरों ने भी पहले शव को खोजने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने तालाब में तलाश अभियान चलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने पलटू लोहरा का शव तालाब से बाहर निकाला।
सीओ और थाना प्रभारी ने ली घटना की जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद अरगोड़ा अंचल के सीओ और एयरपोर्ट थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। एयरपोर्ट थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर हुंडरू तालाब में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना मिली थी। स्थानीय गोताखोरों ने पहले तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने के बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला।





