रांची: पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को रांची समाहरणालय परिसर के ब्लॉक-A स्थित कक्ष संख्या-108 में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा के प्रति समर्पण की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों और कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री, SSP राकेश रंजन और उपविकास आयुक्त संजय भगत ने स्वयं रक्तदान कर समाज को जागरूकता का संदेश दिया। इस शिविर में कुल 28 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के उपचार में काम आएगा।
रक्तदान महादान, स्वस्थ नागरिक आगे आएं : DC
रक्तदान करने के बाद DC मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी भी व्यक्ति द्वारा दिया गया रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक से नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की ताकि रक्त के अभाव में किसी मरीज की जान न जाए। कार्यक्रम के दौरान सिकल सेल बीमारी से पीड़ित मरीजों और उनके परिजनों ने DC को गुलाब भेंट कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों से सिकल सेल से पीड़ित मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में बड़ी मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने दिशोम गुरु को दी श्रद्धांजलि
रक्तदान शिविर के अवसर पर DC मंजूनाथ भजन्त्री, SSP राकेश रंजन और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राज्य के विकास में उनके अमूल्य योगदान को याद किया। शिविर में अपर जिला दण्डाधिकारी (नक्सल) सुदर्शन मुर्मू, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, जिला खेल पदाधिकारी शिवेन्द्र कुमार और सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) रविशंकर मिश्रा सहित कई अन्य कर्मियों ने भी रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।




