रांची : 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रांची स्थित JPSC कार्यालय का घेराव किया। राज्यभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए 14वीं JPSC परीक्षा का परिणाम रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान सरकार और आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई। भाजयुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।
Read More : जेपी केंद्रीय कारा हजारीबाग में एसपी के नेतृत्व में छापा, सभी वार्डों की हुई जांच
CBI जांच और परिणाम रद्द करने की मांग
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने आरोप लगाया कि JPSC जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि 14वीं JPSC परीक्षा परिणाम रद्द कर पूरे मामले की CBI से निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही CID जांच और पुलिस कार्रवाई निष्पक्ष नहीं मानी जा सकती। उनके अनुसार, RTI के माध्यम से उत्तर पुस्तिकाओं की प्रतियां उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं और आयोग नियमित परीक्षा कैलेंडर भी जारी नहीं कर रहा है।

सरकार पर लगाए कई आरोप
भाजयुमो प्रदेश प्रभारी विनय जायसवाल ने राज्य सरकार को युवा विरोधी बताते हुए कहा कि रोजगार उपलब्ध कराने के बजाय युवाओं के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। वहीं, भाजयुमो रांची महानगर जिलाध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने कहा कि सरकार पुलिस बल के सहारे युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन संगठन अपना आंदोलन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन में मनीष दुबे, विश्वजीत पाठक, संजय महतो, रणधीर दास, प्रिंस कुमार, राहुल चौबे, धीरज अग्रवाल, श्वेता सिंह, चंदन प्रजापति, विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल रहे।




