धनबाद : धनबाद में गुरुवार को भाजपा की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित यह यात्रा जिला परिषद मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सिटी सेंटर पर जाकर समाप्त हुई। इस यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेता कुंभनाथ सिंह, नित्यानंद मंडल सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे शामिल हुए। पूरे मार्ग में कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज नजर आए और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘जय हिंद’ के नारों से पूरा धनबाद शहर गूंज उठा। रास्ते में जगह-जगह आम नागरिकों ने भी यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रकट किया।
Read More : रांची पहाड़ी मंदिर : दुनिया का एकमात्र शिव मंदिर जहां आजादी की आधी रात से फहराया जा रहा तिरंगा
5 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही है यात्रा
भाजपा नेताओं ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि धनबाद में यह तिरंगा यात्रा पिछले पांच वर्षों से लगातार निकाली जा रही है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन करना है। नेताओं ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, अखंड सम्मान और गौरव का प्रतीक है। इसके जरिए नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों से अवगत कराना और राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करना है। पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था, जिससे धनबाद की सड़कें पूरी तरह देशभक्ति के माहौल में डूबी नजर आईं।








