रांची : राज्य सरकार और नगर विकास एवं आवास विभाग के सहयोग से रांची नगर निगम क्षेत्र में आवारा श्वानों के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए बड़ी पहल की गई है। शहर में Animal Birth Control (ABC) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम को ₹2.10 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई गई है। इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित ABC सेंटर के निर्माण के लिए स्थल चयन, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और समयबद्ध तरीके से निविदा (टेंडर) प्रकाशित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
मौजा बड़गाईं में 20.2 डिसमिल भूमि चिन्हित
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि आवारा कुत्तों की नसबंदी, रेबीज टीकाकरण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए रांची नगर निगम द्वारा मौजा बड़गाई (खाता संख्या-140, प्लॉट संख्या-767) में कुल 1 एकड़ 90 डिसमिल में से 20.2 डिसमिल भूमि चिन्हित की गई है। प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से आवारा श्वानों की संख्या को मानवीय और वैज्ञानिक तरीके से नियंत्रित करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े कार्यों को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
चुटिया डॉग अस्पताल का नवीनीकरण और 57 डॉग फीडिंग जोन
बैठक में यह भी बताया गया कि रांची नगर निगम के चुटिया स्थित डॉग अस्पताल का ‘एनिमल वेलफेयर’ मानकों के अनुरूप नवीनीकरण कराया जा रहा है, जिससे पशुओं के उपचार और देखभाल की सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाया जा सके। इसके अलावा, रांची नगर निगम की टीम द्वारा शहर के सभी 53 वार्डों में कुल 57 स्थलों को ‘डॉग फीडिंग जोन’ के रूप में चिन्हित किया गया है। इन फीडिंग जोनों के माध्यम से आवारा श्वानों के सुव्यवस्थित भोजन प्रबंधन के साथ-साथ मानव और पशुओं के बीच सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा।
गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निर्माण का निर्देश
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर के निर्माण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण करते हुए शीघ्र टेंडर प्रकाशित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित होना चाहिए। इस समीक्षा बैठक में निगम के अभियंता, स्वास्थ्य शाखा के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।




