रांची : डूरंड कप के सफल, स्वच्छ और सुव्यवस्थित आयोजन को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम ने सोमवार को मोराबादी क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। होटल पार्क प्राइम, मोराबादी से टीआरआई अंतु चौक तक मुख्य मार्ग से सटी सरकारी भूमि पर लंबे समय से किए गए अवैध कब्जों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार स्वयं मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई का निरीक्षण किया।
Read More : रांची में NEET पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग
नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने सरकारी भूमि पर बनाई गई बैरिकेडिंग, अवैध होर्डिंग्स, विज्ञापन बोर्ड, ठेला-खोमचा और अन्य अतिक्रमण हटाए। इस दौरान करीब छह अस्थायी संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। साथ ही एक निजी प्ले स्कूल द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को भी हटाया गया। अवैध रूप से बिछाई गई टाइल्स फ्लोरिंग तोड़ी गई और झाड़ियों की सफाई कर क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया।
डूरंड कप के लिए विकसित होगा अस्थायी पार्किंग स्थल
अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि होटल पार्क प्राइम से वेंडिंग जोन-2 के मोड़ तक अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी भूमि को अस्थायी पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया जाए। इसका उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में डूरंड कप के दौरान आने वाले खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और दर्शकों को पार्किंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
आयोजन तक रहेगा अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि डूरंड कप के आयोजन तक पूरे मोराबादी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए। साथ ही सड़क किनारे स्थित पेड़ों की ट्रिमिंग और डालियों की छंटाई समय पर पूरी करने को कहा गया, ताकि यातायात, प्रकाश व्यवस्था और खिलाड़ियों व दर्शकों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा न आए।
अपर नगर आयुक्त ने कहा कि डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समयसीमा में आवश्यक कार्य पूरे करने होंगे। उन्होंने कहा कि रांची नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी जारी रखेगा। इस अभियान के दौरान सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक तथा निगम की इंफोर्समेंट टीम के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।




