बाबूलाल मरांडी ने पत्रकार अभिषेक भारती की पिटाई का लगाया आरोप, HC से जांच की मांग

रांची : झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सिमडेगा पुलिस पर पत्रकार अभिषेक भारती के साथ हिरासत में मारपीट और टॉर्चर करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग लड़की के कथित यौन शोषण

बाबूलाल मरांडी

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सिमडेगा पुलिस पर पत्रकार अभिषेक भारती के साथ हिरासत में मारपीट और टॉर्चर करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग लड़की के कथित यौन शोषण का मामला सामने लाने के बाद पत्रकार को पुलिस ने उठा लिया और हिरासत में उसके साथ ज्यादती की। इस मामले को लेकर मरांडी ने झारखंड हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) से खुद संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और जांच उनकी निगरानी में कराई जाए। बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि सिमडेगा के कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस की कथित बर्बरता की जानकारी दी है। हालांकि, मरांडी ने यह भी साफ किया है कि फिलहाल उन्हें मिली इन जानकारियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

मुंह के बल लिटाकर पीटने का आरोप

मरांडी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बताया कि 26 नवंबर 2026 की रात से 27 नवंबर की दोपहर करीब तीन बजे तक अभिषेक भारती के साथ रुक-रुककर मारपीट की गई। आरोप है कि पाकरटांड़ थाना पुलिस ने अदालत में मनचाहा बयान देने का दबाव बनाया और इसके लिए घंटों उनकी पिटाई की। आरोपों के अनुसार, पत्रकार के तलवों पर बार-बार लाठियां मारी गईं। उनकी उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर दोनों हाथों पर प्रहार किया गया और उन्हें मुंह के बल लिटाकर पीटा गया। इस दौरान कथित तौर पर पुलिसकर्मी उनसे कहते रहे कि अदालत में वही बयान देना है, जो पुलिस उनसे कहेगी।

बाबूलाल मरांडी ने बताया कि एक समय अभिषेक ने कथित तौर पर पुलिस से गिड़गिड़ाकर कहा कि उनसे जो लिखवाना है, लिखवा लिया जाए। यहां तक कि वे सादे कागज पर हस्ताक्षर करने को भी तैयार थे, लेकिन उनकी पिटाई बंद कर दी जाए। आरोप है कि इसके बाद अभिषेक बेहोश हो गए। मरांडी ने कहा कि यदि हिरासत में किसी व्यक्ति से इस तरह हस्ताक्षर कराए गए हैं, तो उन सभी कागजों की भी जांच होनी चाहिए, जिन पर उससे हस्ताक्षर लिए गए।

अदालत में पेशी के दौरान भी बिगड़ी हालत

बाबूलाल मरांडी ने अभिषेक की अदालत में पेशी को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनके अनुसार, जब पत्रकार को रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय लाया गया, तब वह अपने पैरों पर चलने की स्थिति में नहीं थे। आरोप है कि चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने ले गए, जहां वे बेहोश होकर गिर पड़े। मरांडी के मुताबिक, उनकी हालत देखकर न्यायालय ने तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था। हालांकि, आरोप है कि पुलिस उन्हें पहले सिमडेगा टाउन थाने की हाजत में ले गई। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया। मरांडी ने कहा कि उन्हें मिली अंतिम सूचना के अनुसार अभिषेक अस्पताल के बिस्तर पर अचेत थे। उनकी मौजूदा स्थिति की प्रमाणिक जानकारी अस्पताल प्रशासन ही दे सकता है।

वीडियो बनाने वाले तीन पत्रकारों को भी थाने ले जाने का आरोप

इस मामले में बाबूलाल मरांडी ने तीन अन्य पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि न्यायालय परिसर में अभिषेक की हालत का मोबाइल से वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को टाउन थाने ले जाया गया था। आरोप है कि पुलिस ने उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर करीब चार घंटे तक थाने में बैठाए रखा। इसके बाद मोबाइल में रिकॉर्ड किए गए वीडियो मिटाकर उन्हें रात में छोड़ दिया गया। मरांडी ने मांग की है कि तीनों पत्रकारों को स्वतंत्र रूप से अपना बयान दर्ज कराने का अवसर दिया जाए और यह भी जांच हो कि उनके मोबाइल से रिकॉर्डिंग किसने और किसके निर्देश पर मिटाई।

बाबूलाल मरांडी ने सिमडेगा SP से पूछे सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने सिमडेगा एसपी से कई सवालों के जवाब मांगे हैं। उन्होंने पूछा कि अभिषेक को हिरासत में लेते समय उनकी शारीरिक स्थिति कैसी थी और अदालत में पेशी के वक्त उनकी हालत क्या थी? पेशी के बाद उन्हें कहां ले जाया गया और किस समय सदर अस्पताल पहुंचाया गया? मरांडी ने कहा कि इन सवालों के जवाब थाने की स्टेशन डायरी, सीसीटीवी फुटेज, न्यायालय के अभिलेख और अस्पताल के रजिस्टर से मिल सकते हैं। उन्होंने सभी तथ्यों को समय और रिकॉर्ड के साथ सार्वजनिक करने की मांग की है।

हाईकोर्ट और NHRC से स्वतंत्र जांच की मांग

बाबूलाल मरांडी ने झारखंड हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से पूरे प्रकरण का स्वतः संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने दोनों संस्थाओं से अपनी निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने मांग की है कि पाकरटांड़ और टाउन थाने की संबंधित सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, हिरासत और अदालत में पेशी से जुड़े दस्तावेज, न्यायालय परिसर की उपलब्ध फुटेज तथा सदर अस्पताल के चिकित्सा अभिलेख तत्काल सुरक्षित कराए जाएं।

इसके अलावा उन्होंने स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से अभिषेक की जांच कराने और उनकी चोटों का पूरा विवरण दर्ज करने की मांग की है। मरांडी के मुताबिक, चिकित्सकीय रूप से सक्षम होने के बाद अभिषेक का बयान आरोपों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में दर्ज किया जाना चाहिए। मरांडी ने कहा कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति अपनी सुरक्षा के लिए उन्हीं अधिकारियों पर निर्भर रहता है, जिनकी निगरानी में उसे रखा जाता है। यदि किसी पुलिस अधिकारी पर इस भरोसे को तोड़ने का आरोप लगता है, तो उसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी दमनात्मक कार्रवाई बर्दाश्त नहीं करेगी। जांच में जिनकी भूमिका सामने आए, उनके खिलाफ पद और प्रभाव की परवाह किए बिना कानूनसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए। सिमडेगा के लोगों को यह भरोसा मिलना चाहिए कि थाने के भीतर हुई घटनाओं पर भी वे निर्भय होकर अपनी बात रख सकें।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *