डूरंड कप 2026 : रांची में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों की हुई ब्रीफिंग

डूरंड कप 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रविवार को मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम में प्रतिनियुक्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
डूरंड कप 2026

रांची : डूरंड कप 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रविवार को मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम में प्रतिनियुक्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए पूरी सतर्कता और जवाबदेही के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

Read More : JPSC परीक्षा पर बाबूलाल मरांडी का बड़ा आरोप, निष्पक्ष जांच और FIR की उठाई मांग

डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि डूरंड कप देश के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में से एक है और रांची को इसकी मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, दर्शकों और बाहर से आने वाले आगंतुकों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों को निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने और किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम एवं वरीय अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस

डीसी ने स्टेडियम परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार, वीआईपी गैलरी, खिलाड़ियों के आवागमन मार्ग, पार्किंग स्थल और दर्शक दीर्घा में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आम दर्शकों के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करने की सलाह देते हुए अफवाह, विवाद या किसी भी अप्रिय स्थिति को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

सुरक्षा जांच और आपातकालीन तैयारी के निर्देश

एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि मैच के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर लगातार मौजूद रहने तथा बिना अनुमति ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रवेश द्वारों पर दर्शकों की अनिवार्य सुरक्षा जांच की जाएगी और किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को स्टेडियम के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। साथ ही वीआईपी मूवमेंट, खिलाड़ियों एवं टीम अधिकारियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग नियंत्रण और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को स्टेडियम का सेक्टरवार दायित्व, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, दर्शकों की आवाजाही, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा जांच, वीआईपी प्रोटोकॉल, मीडिया समन्वय और आपातकालीन निकासी योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, SDO सदर तथा भारतीय सेना के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। अंत में डीसी और एसएसपी ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए डूरंड कप 2026 के सफल और गरिमापूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *