रांची। पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के ढुलसुलमा में बिजली का करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि इस घटना में मृतक के बेटे भीम कुमार और बहू मुन्नी कुमारी गंभीर रूप से घायल हैं. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान मीना देवी के रूप में हुई है।
दरअसल, मीना देवी के खेत की बाउंड्री पर बिजली का पोल लगा है और उसका सपोर्ट वायर खेत में है। बताया जाता है कि मीना देवी, उनका छोटा बेटा भीम कुमार और बड़ी बहू मुन्नी कुमारी धान की रोपाई के लिए खेत देखने गए थे। इसी क्रम में भीम कुमार सपोर्ट वायर पकड़कर खेत में उतर रहा था। जैसे ही भीम कुमार ने सपोर्ट वायर पकड़ा, उसे करंट का झटका लगा। यह देख मां मीना देवी और भाभी मुन्नी कुमारी भीम कुमार को बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं। इस दौरान मां मीना देवी और भाभी मुन्नी कुमारी करंट की चपेट में आ गई।
खेत के आसपास मौजूद ग्रामीणों की नजर तीनों पर गई और लोग तुरंत डंडे से तीनों को बिजली के तार से अलग किया। इसके बाद तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने मीना देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि भीम कुमार और मुन्नी कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है।
सतबरवा के थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बिजली का करंट लगने से एक की मौत हुई है। जबकि दो लोगों का इलाज चल रहा है। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शुभचिंतक मौके पर पहुंचे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




