नई दिल्ली : अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने ऐसी धुआंधार बल्लेबाजी की कि न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की हालत खराब हो गई। तीसरे टी20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से धो डाला। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 198 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने मैदान पर ऐसा गदर काटा कि 199 रन का लक्ष्य महज 13.2 ओवर में ही 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। अब न्यूजीलैंड के लिए सीरीज में वापसी करना मुश्किल हो गया है।
Read More : रांची में पुलिस और राहुल सिंह गिरोह के बीच मुठभेड़, शाहिद को लगी गोली
अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों में ठोके 113 रन
भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो अभिषेक शर्मा रहे। उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 113 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 11 छक्के शामिल रहे। अभिषेक ने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। इसके बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका और उन्होंने तेजी से शतक जड़ दिया। दूसरी तरफ वैभव सूर्यवंशी ने भी न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। वैभव ने 19 गेंदों में 45 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 7.1 ओवर में 133 रन जोड़ दिए। इस साझेदारी ने भारत की जीत लगभग तय कर दी।
1️⃣9️⃣9️⃣ chased down in 13.2 overs 💥
📸 #TeamIndia take a 3️⃣-0️⃣ lead and seal the series with a run-chase for the ages 👏 🙌
Updates ▶️ https://t.co/zf4CnZQ8CD
#NZvIND https://t.co/pP6zHBmuns
— BCCI (@BCCI) October 27, 2026
पावरप्ले में ही भारत ने बना दिए 118 रन
भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत से ही चौके-छक्कों की बरसात कर दी। पहले ओवर में 25 रन बने, जबकि शुरुआती तीन ओवर में भारतीय बल्लेबाजों ने 64 रन ठोक दिए। पावरप्ले के छह ओवर खत्म होने तक भारत का स्कोर बिना विकेट खोए 118 रन पहुंच गया। इस दौरान अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को कोई राहत नहीं दी। पांच ओवर में ही भारत ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया। वैभव 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक ने 113 रन बनाने के बाद अपना विकेट गंवाया। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर 5 और संजू सैमसन 18 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, भारत ने लक्ष्य तक पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगाया और 13.2 ओवर में मैच जीत लिया।
न्यूजीलैंड ने बनाए थे 198 रन
इससे पहले न्यूजीलैंड ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 198 रन बनाए थे। डेरिल मिचेल ने 52 गेंदों में नाबाद 89 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। फिन एलन ने 25 गेंदों में 40 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। वहीं बेवन जैकब्स ने 23 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक विकेट लिया।
सीरीज में भारत की 3-0 से अजेय बढ़त
भारत ने इस सीरीज के पहले दोनों मुकाबले भी जीत लिए थे। अब तीसरा मैच जीतकर टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। शानदार शतक के लिए अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सीरीज का चौथा टी20 मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा।




