नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट को सूचित किया कि कॉकराेच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है और उनके पासपोर्ट में पाई गई अनियमितताओं का असर उनकी भारतीय नागरिकता पर पड़ सकता है। जस्टिस अमित महाजन की बेंच ने इस मामले में केंद्रीय विदेश मंत्रालय और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को करने का आदेश दिया।
साैरभ दास को ब्रिटेन जाना था, जहां उन्हें कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था। इनमें ऑक्सफोर्ड यूनियन द्वारा आयोजित एक पैनल चर्चा भी शामिल थी। उन्होंने बताया कि उन्हें कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी में भी कॉकरोच मूवमेंट के बारे में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था।
पासपोर्ट कार्यालय ने जारी किया था कारण बताओ नोटिस
पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को उन्हें एक कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें उनसे इस गड़बड़ी के बारे में स्पष्टीकरण मांगा गया और पूछा गया कि उनका पासपोर्ट जब्त क्यों न किया जाए। उन्हें जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया और सलाह दी गई कि जब तक वे अपना स्पष्टीकरण नहीं दे देते, तब तक वे अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए इस पासपोर्ट का इस्तेमाल न करें।
दास का आरोप है कि उन्हें यह नोटिस उनकी निर्धारित उड़ान से महज पांच घंटे पहले मिला। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि उनकी राजनीतिक सक्रियता के कारण उन्हें जानबूझकर यात्रा करने से रोका गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी वे इसी पासपोर्ट का इस्तेमाल करके विदेश यात्रा कर चुके हैं। और तब उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई थी।
also read : अब चिप्स-बिस्किट के पैकेट पर लगेगा लाल निशान, सुप्रीम कोर्ट का FSSAI को बड़ा आदेश



