पलामू : झारखंड के पलामू जिले में शराब तस्करी का एक नया तरीका सामने आया है। मेदिनीनगर से बिहार के औरंगाबाद जा रही यात्री बस से पुलिस ने 24 पेटी अवैध शराब बरामद की है। शराब को फल की पेटियों में पैक कर बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बस को जब्त कर ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लिया है। मिली जानकारी के अनुसार पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि एक यात्री बस के जरिए शराब की तस्करी होने वाली है। सूचना के आधार पर पड़वा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-139 पर पुलिस ने बस को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस की डिक्की से 24 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। इसी बीच एक व्यक्ति इमरजेंसी गेट से निकलकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
Read More : चतरा NTPC प्लांट में बड़ा हादसा, कन्वेयर बेल्ट गिरने से 3 मजदूरों की मौत
फल की पेटियों में छिपाकर भेजी जा रही थी शराब
पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लिया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ में ड्राइवर और कंडक्टर ने बताया कि बस स्टैंड में एक व्यक्ति ऑटो से पहुंचा था। उसने फल की पेटियां ले जाने की बात कही थी। इसके बदले उसने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को एक हजार रुपये दिए थे। अंचित कुमार ने बताया कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर की भूमिका संदिग्ध है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के अनुसार, बस का कंडक्टर पड़वा थाना क्षेत्र के कजरी का रहने वाला है, जबकि ड्राइवर टाउन थाना क्षेत्र के सूदना का निवासी है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
बिहार में शराबबंदी के बीच तस्करी का नया तरीका
गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद पलामू के रास्ते बिहार के विभिन्न इलाकों में शराब की तस्करी होती रही है। तस्कर पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। पुलिस के मुताबिक, फल की पेटियों में छिपाकर शराब बिहार भेजने का यह पहला मामला पकड़ा गया है। इससे पहले भी शराब तस्करी के कई तरीकों का खुलासा हो चुका है। पलामू पुलिस वर्ष 2024 से शराब तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की शराब जब्त की गई थी। वहीं, वर्ष 2025 में करीब एक करोड़ रुपये की शराब पकड़ी गई। वर्ष 2026 में अब तक पुलिस 50 लाख रुपये से अधिक की शराब जब्त कर चुकी है।






