रांची: लंबित वेतन, मनमानी कटौती और बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने सोमवार को राज्यव्यापी भिक्षाटन कार्यक्रम चलाया। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध संघ के आह्वान पर रांची सदर अस्पताल सहित राज्य के विभिन्न स्थानों पर 108 एम्बुलेंस कर्मियों ने भिक्षाटन कर सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित किया। कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन सातवें दिन भी जारी रहा।
कर्मचारियों की बहाली नहीं किए जाने के कारण कर्मियों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है
संघ की प्रमुख मांगों में 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन जिला स्तर पर सिविल सर्जन के माध्यम से कराने, बर्खास्त कर्मचारियों को पुनः बहाल करने तथा कर्मचारियों को सभी श्रमिक और वैधानिक अधिकार उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।
संघ ने सरकार से सभी मांगों पर तत्काल निर्णय लेकर उन्हें लागू करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता और मांगों को धरातल पर लागू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।



