राँची: शहर के चर्चित एक्सट्रीम बार के डीजे संचालक संदीप प्रमाणिक हत्याकांड मामले में एजेसी शैलेंद्र कुमार की अदालत ने मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की सहित सभी दोषियों को 9 साल की सजा तथा 50-50 हजार जुर्माना लगाया गया है, सोमवार को सभी दस आरोपियों को दोषी करार दिया गया था, उनमें अभिषेक के अलावा अन्य आरोपियों में अशोक कुमार सिंह, मोहम्मद शामिरुद्दीन, प्रतीक, मृत्युंजय कुमार, प्रकाश कुमार, दिवाकर उपाध्याय, आलोक दीवा, पंकज कुमार और सुमित कुमार शामिल हैं. बता दें कि मृतक संदीप प्रमाणिक मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला था.
गोली मारकर की थी हत्या
हत्या की यह वारदात 26 मई 2024 की देर रात घटी थी. जब बार बंद होने के समय 4-5 युवक वहां पहुंचे और उनकी बार स्टाफ से विवाद और मारपीट हो गई. मारपीट का बदला लेने के लिए मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह सेल सिटी स्थित अपने किराए के मकान में गया और वहां से राइफल लेकर दोबारा बार पहुंचा. उसने बार के भीतर घुसकर डीजे संदीप प्रमाणिक की छाती में गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
CCTV में कैद हुई वारदात
वारदात के बाद आरोपी ने पार्किंग एरिया से भी कई राउंड फायरिंग की और कार से फरार हो गया. घटना की पूरी वारदात बार में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई थी. सूचना मिलते ही रांची के SSP और सिटी DSP ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस ने CCTV फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अभिषेक, उसके पिता अशोक सिंह और दोस्तों समेत 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.



