रांची : झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के आगामी चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। टीम मुकेश अग्रवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अपनी चुनावी तैयारियों और प्राथमिकताओं को साझा किया। इस चुनाव में मुकेश अग्रवाल की टीम 35 सदस्यों के साथ मैदान में उतर रही है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मुकेश अग्रवाल ने व्यापारियों से सहयोग और समर्थन की अपील की।
व्यापारियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाने का वादा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुकेश अग्रवाल ने कहा कि चैंबर व्यापारियों के हितों की आवाज उठाने का एक प्रमुख मंच है। उनकी प्राथमिकता उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना, बाजार की परेशानियों को सरकार व संबंधित विभागों तक पहुंचाना और राज्य में बेहतर कारोबारी माहौल बनाना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीम मुकेश अग्रवाल, आदित्य मल्होत्रा के अधूरे कार्यों को पूरा करेगी और उनकी टीम के अधिकतर सदस्य भी साथ हैं।
पूर्व अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं का मिला समर्थन
टीम के सदस्य डॉ. अभिषेक रामाधीन ने बताया कि व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए समर्थन जुटाने का काम जारी है। चैंबर के वर्तमान अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री, कुणाल अजमानी और झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने मुकेश अग्रवाल के नेतृत्व पर भरोसा जताया और उन्हें विजयी बनाने की अपील की। इस अवसर पर प्रवीण लोहिया, पंकज पोद्दार, छवि विरमानी, भानु जालान सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




