रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR 2026 के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने और परिवार के सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए रांची जिले में द्वितीय एवं अंतिम विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 22 और 23 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा। शिविर का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर जरूरी प्रपत्र भरें और मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया पूरी करें।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले भी कर सकते हैं आवेदन
मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। इसके लिए आवेदक का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। जिन लोगों की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे, वे भी निर्धारित शर्तों के तहत आवेदन कर सकते हैं। आवेदक का झारखंड के किसी मतदान केंद्र क्षेत्र का सामान्य निवासी होना आवश्यक है।
परिवार के सदस्यों के नाम एक बूथ पर कराने की सुविधा
अगर किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में दर्ज हैं, जबकि वे वर्तमान में एक ही स्थान पर रह रहे हैं, तो उन्हें एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है।
इस प्रक्रिया के जरिए परिवार के सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज कराने का अनुरोध किया जा सकता है।
ऑनलाइन भी भर सकेंगे फॉर्म
मतदाता सूची से जुड़ी यह प्रक्रिया केवल विशेष शिविर में ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन भी पूरी की जा सकती है। पात्र नागरिक ECINET App के माध्यम से फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भर सकते हैं। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के जरिए भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 22 और 23 अगस्त को आयोजित होने वाले द्वितीय एवं अंतिम विशेष शिविर का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में नाम जोड़ने या परिवार के सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर कराने की प्रक्रिया समय पर पूरी करें।








