रांची : आगामी ईद मिलादुन्नबी पर्व को देखते हुए रांची शहर में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने कमर कस ली है। गुरुवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम के अधिकारियों और स्वच्छता शाखा के कर्मियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में निगम क्षेत्र की सभी मस्जिदों, आसपास के इलाकों, संपर्क पथों और जुलूस के तय मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने का कड़ा निर्देश दिया गया।
Read More : JMM का बड़ा ऐलान, MMDR संशोधन विधेयक के खिलाफ होगा आंदोलन
इन प्रमुख इलाकों और जुलूस मार्गों पर केंद्रित रहेगा अभियान
अपर नगर आयुक्त ने कांटाटोली, मौलाना आजाद कॉलोनी, इलाही बख्श कॉलोनी, गढ़ाटोली, रमजान कॉलोनी, कुरैशी मोहल्ला, रजा कॉलोनी, नया टोली, पथलकुदवा चौक, मोरहाबादी, एदलहातू, बरियातू मार्ग, करमटोली, न्यूक्लियस मॉल, थड़पखना मस्जिद, लालपुर, आजाद बस्ती, गुदड़ी चौक, कर्बला टैंक रोड, मेन रोड, सुजाता चौक तथा रतन टॉकीज चौक से ओवरब्रिज तक के पूरे मार्ग में सघन सफाई अभियान चलाने का आदेश दिया। मस्जिदों के आसपास ब्लीचिंग पाउडर और मच्छर रोधी एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया है।
वाटर टैंकर, मोबाइल टॉयलेट और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने के निर्देश
जुलूस के पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार वाटर टैंकर (पेयजल) और चलंत शौचालय (Mobile Toilet) की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, बंद या खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को अभियान चलाकर तुरंत ठीक करने का निर्देश दिया गया है ताकि रात के समय आवागमन में कोई समस्या न हो।

‘शहर में कहीं भी डंप कूड़ा न दिखे’ – निगम का कड़ा संदेश
त्योहारों के साथ-साथ मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट हिदायत दी है कि शहर में कहीं भी कचरे का अंबार नहीं दिखना चाहिए।
डोर-टू-डोर कचरा उठाव : स्वच्छता कॉरपोरेशन को प्रतिदिन 100% डोर-टू-डोर कचरा उठाने और उसके परिवहन पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
नालियों की विशेष सफाई : जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए प्रत्येक वार्ड की छोटी-बड़ी नालियों की सफाई के लिए अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग करने को कहा गया।
फील्ड विजिट : सभी सैनिटरी सुपरवाइजरों को नियमित रूप से फील्ड में उतरकर सफाई का निरीक्षण करने का निर्देश मिला है।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर तथा स्वच्छता शाखा के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।








