रांची : राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम के पास गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब झारखंड विधानसभा में कार्यरत कर्मचारी बुलंद अख्तर का सामान लावारिस स्थिति में बरामद हुआ। डैम के फाटक के पास उनकी गाड़ी, चप्पल और बरसाती लावारिस मिलने के बाद उनके पानी में डूबने या कूदने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश के लिए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को बुलाया गया।
Read More : CWC Meeting : खरगे और राहुल गांधी की मौजूदगी में 88 नेताओं का मंथन, जानिए बैठक के 4 बड़े फैसले
बुधवार दोपहर से लापता हैं बुलंद अख्तर
परिजनों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार बुलंद अख्तर बुधवार दोपहर करीब 1:00 बजे राज्य के एक मंत्री के आवास से निकले थे। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान पुलिस को धुर्वा डैम के पास उनकी खड़ी गाड़ी, चप्पल और बरसाती मिली। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत NDRF मुख्यालय से संपर्क साधा।
NDRF की टीम चला रही रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलने के बाद NDRF की टीम धुर्वा डैम पहुंची और बोट के जरिए पानी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से भी डैम के आसपास के विशाल जलक्षेत्र में लगातार खोजबीन की जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
लापता बुलंद अख्तर झारखंड विधानसभा में बतौर कर्मचारी पदस्थापित हैं। उनके पिता कासिम अंसारी डोरंडा कॉलेज के पूर्व कर्मचारी रह चुके हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिवार के लोग भी बदहवास हालत में धुर्वा डैम पहुंचे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से गहन जांच कर रही है और NDRF के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।




