सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों के लिए नौकरी का मौका, 12 पदों पर भर्ती

पं. मदन मोहन मालवीय अस्पताल में 12 सीनियर रेजिडेंट पदों पर भर्ती होगी। उम्मीदवार 21 अगस्त को वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल हो सकेंगे।

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली: सरकारी अस्पताल में डॉक्टर की नौकरी की तलाश कर रहे मेडिकल क्षेत्र के उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। नई दिल्ली स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल (PMMMH) ने विभिन्न स्पेशलिटी में सीनियर रेजिडेंट के 12 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इन पदों पर नियुक्ति आपातकालीन तदर्थ (एडहॉक) आधार पर की जाएगी। भर्ती के लिए उम्मीदवारों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 7वें केंद्रीय वेतन आयोग (7th CPC) के पे मैट्रिक्स में लेवल-11 के अनुसार वेतन दिया जाएगा।

इन स्पेशलिटी में हैं पद

अस्पताल में रेडियोलॉजी के 1, एनेस्थीसिया के 3, माइक्रोबायोलॉजी के 1, ऑब्सटेट्रिक्स एवं गायनेकोलॉजी के 3, पीडियाट्रिक्स के 2, मेडिसिन के 1 और ऑर्थोपेडिक्स के 1 पद पर भर्ती की जाएगी। वॉक-इन इंटरव्यू के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवारों को इंटरव्यू में शामिल होने से पहले अस्पताल की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित अधिसूचना में दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एमबीबीएस के साथ संबंधित स्पेशलिटी में पीजी डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त संबंधित स्पेशलिटी की समकक्ष योग्यता रखने वाले उम्मीदवार भी पात्र हो सकते हैं। अभ्यर्थी का दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है। भर्ती में केवल डीएमसी में दर्ज योग्यता पर विचार किया जाएगा। उम्मीदवार ने तीन साल की सीनियर रेजीडेंसी पूरी नहीं की होनी चाहिए।

अगर किसी संबंधित स्पेशलिटी में पीजी उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होता है, तो सरकारी या सरकारी संबंधित स्पेशलिटी वाले अस्पताल में कम से कम दो वर्ष के अनुभव वाले नॉन-पीजी उम्मीदवारों पर भी विचार किया जा सकता है। उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना इंटरव्यू की तारीख के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।

21 अगस्त को होगा वॉक-इन इंटरव्यू

सीनियर रेजिडेंट पदों के लिए वॉक-इन इंटरव्यू 21 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। इंटरव्यू का आयोजन सम्मेलन कक्ष, तीसरी मंजिल, पं. मदन मोहन मालवीय अस्पताल, मालवीय नगर, नई दिल्ली-17 में होगा। उम्मीदवारों को सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच रिपोर्ट करना होगा। सुबह 11 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को इंटरव्यू केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने साथ जमा किए गए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो और सभी संबंधित दस्तावेजों की मूल प्रति के साथ उनकी फोटोकॉपी लेकर पहुंचना होगा।

यह नियुक्ति शुरुआती तौर पर 89 दिनों के लिए या नियमित उम्मीदवार के पदभार ग्रहण करने तक की जाएगी। दोनों में से जो स्थिति पहले आएगी, उसी के आधार पर तदर्थ नियुक्ति समाप्त हो जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *