लातेहार : जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदवा-लोहरदगा मार्ग पर शनिवार को हुई भीषण सड़क दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। प्रशासन ने इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी है। इस संबंध में लातेहार DC संदीप कुमार ने लोहरदगा डीसी को पत्र लिखकर सहयोग की अपील की है।
कैसे हुआ था हादसा?
शनिवार को चंदवा-लोहरदगा पथ पर एक भारी कंटेनर की चपेट में आने से बाइक और ऑटो पर सवार 6 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें से 5 मृतकों की पहचान हो चुकी है। मृतकों में लातेहार सदर थाना क्षेत्र के एक ही परिवार के तीन सदस्य अफसरी खातून, कुरबान अंसारी और मासूम असजद हुसैन शामिल हैं।
Read more : अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर बाबूलाल मरांडी बोले- पूरा झारखंड ऋणी
इसके अलावा लोहरदगा के न्यू आजाद बस्ती निवासी रकीब खान और लोहरदगा सेन्हा निवासी बिनोद उरांव की भी हादसे में जान चली गई। वहीं एक अन्य मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। लातेहार डीएसपी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि अज्ञात शव की पहचान के प्रयास लगातार जारी हैं।
सांसद ने सड़क निर्माण की तकनीक पर उठाए सवाल
घटना के बाद राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने सड़क निर्माण की तकनीकी खामियों पर गंभीर सवाल खड़े किए। सांसद ने कहा कि सड़क की बनावट ऐसी है कि एक जगह सीधी चढ़ान बन गई है, जहां भारी वाहनों का संतुलन अक्सर बिगड़ जाता है।
उन्होंने कहा कि जब तक सड़क की सही तरीके से लेवलिंग नहीं हो जाती, तब तक भारी वाहनों का आवागमन खतरनाक रहेगा। इसे लेकर उन्होंने लातेहार उपायुक्त से बात कर नो-एंट्री लागू करने का अनुरोध किया। साथ ही लोहरदगा डीसी और एसपी से भी आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
भारी वाहनों के लिए बदला गया रूट
हादसे की गंभीरता को देखते हुए लातेहार DC संदीप कुमार ने चंदवा-लोहरदगा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर तुरंत रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने लोहरदगा डीसी को भेजे पत्र में स्पष्ट किया कि सड़क पर तीव्र ढलान होने से गाड़ियां अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि बड़ी गाड़ियों का परिचालन अब वैकल्पिक मार्ग ‘चंदवा से कुडू होते हुए लोहरदगा’ के रास्ते सुनिश्चित किया जाए।








