रांची : रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को निकाला गया विधानसभा घेराव का कार्यक्रम अचानक हिंसक हो गया। जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी अचानक आक्रोशित हो गए। छात्रों की उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए जूते-चप्पल और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
Read More : विधानसभा घेराव के दौरान छात्र की तबीयत बिगड़ी, प्रशासन ने भेजा अस्पताल
एक पुलिसकर्मी घायल, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया
पुलिस द्वारा छात्रों को रोकने के प्रयास के बाद प्रदर्शनकारी और अधिक भड़क गए, जिसके चलते पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की और पथराव हुआ। इस पथराव की घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना स्थल पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल जवान को मौके पर बुलाई गई एंबुलेंस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास, वाटर कैनन का इस्तेमाल
तनावपूर्ण स्थिति के बीच प्रदर्शनकारी छात्र सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेडिंग को तोड़कर किसी भी स्थिति में विधानसभा भवन की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, पुलिस बल उन्हें रोकने में मुस्तैद है। इससे पहले स्थिति को नियंत्रण में लाने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए प्रशासन की ओर से हल्का बल प्रयोग और वाटर कैनन (जल तोप) का इस्तेमाल भी किया गया।
भारी पुलिस बल तैनात, प्रशासन ने की शांति की अपील
हिंसक झड़प के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मौके पर बड़ी संख्या में अतिरिक्त पुलिस और रैपिड एक्शन बल (RAF) की तैनाती की गई है। पुलिस व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रदर्शनकारी छात्रों से संयम बरतने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध व्यक्त करने की लगातार अपील कर रहे हैं।




