रांची : जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलनरत छात्रों और राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल के बीच शनिवार को हुई दूसरे राउंड की बातचीत भी पूरी तरह विफल साबित हुई। किसी भी मुद्दे पर सहमति न बन पाने के बाद, सरकार की ओर से वार्ता में शामिल मंत्री अब सीधे CM हेमंत सोरेन के आवास पहुंचे हैं। वे CM को अड़चनों, एजेंडे और छात्रों की मांगों से अवगत कराएंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि सहमति बनाने के लिए शनिवार शाम को पुनः वार्ता हो सकती है।
#WATCH | JPSC-JSSC aspirants’ protest in Ranchi | After meeting with the aspirants’ delegation, Jharkhand Minister Sudivya Kumar Sonu says, “We will continue to meet with various student groups and stakeholders. We will meet with all of them. Additionally, we are releasing an… pic.twitter.com/DXwphZe97X
— ANI (@ANI) August 8, 2026
सरकार ने जारी की ईमेल आईडी, सुझाव मांगे
बातचीत के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आंदोलनरत छात्रों और अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपने सुझाव और राय सरकार द्वारा जारी विशेष ईमेल आईडी (email id) JPSC.JSSC.feedback@gmail.com के जरिए उन तक पहुंचाएं। सरकार का कहना है कि वे छात्रों के सुझावों पर गंभीरता से विचार कर समाधान तलाशने का प्रयास कर रहे हैं।
अनशन पर बैठे छात्रों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
इधर, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा सत्याग्रह और भूख हड़ताल लगातार जारी है। अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे दो छात्रों की तबीयत शनिवार को अचानक अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई अन्य अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य भी लगातार गिर रहा है, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अडिग हैं।
10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव की तैयारी तेज
शुक्रवार रात हुई पहले दौर की बातचीत और शनिवार की दूसरे दौर की वार्ता बेनतीजा रहने के बाद छात्र संगठनों ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। छात्र नेता रवींद्र पासवान और प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस और लिखित आदेश जारी नहीं होता, तब तक सत्याग्रह जारी रहेगा। छात्र अब 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट गए हैं।




