रांची : JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के बैनर तले चल रहा अभ्यर्थियों का आंदोलन गुरुवार को 13वें दिन भी जारी रहा। इसी दौरान आंदोलन को नया राजनीतिक मोड़ मिला जब रांची कांग्रेस महानगर अध्यक्ष कुमार राजा की पहल पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों की जायज मांगों के साथ खड़ी है।
Read More : असम के बाढ़ संकट में साथ खड़े हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राहत कोष में देंगे 03 करोड़
छात्रों की मांग पर राहुल गांधी ने दिया आश्वासन
फोन पर वार्ता के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राहुल गांधी के सामने अपनी प्रमुख मांगें और शर्तें रखीं। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य सरकार में शामिल होने के नाते यदि सरकार मांगें नहीं मानती है, तो क्या कांग्रेस अपना समर्थन वापस लेगी। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि फिलहाल बातचीत के रास्ते खुले हैं और वे अपने स्तर पर भी संवाद का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी प्रतिनिधियों के माध्यम से छात्रों की मांगों को लिखित रूप में लेकर उचित मंच पर उठाया जाएगा।
मांगें पूरी न होने पर 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान
बातचीत के बाद मंच के प्रतिनिधि रविंद्र पासवान और पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि सरकार को एसडीओ के माध्यम से वार्ता के लिए डेलीगेट्स की सूची सौंप दी गई है। हालांकि देर रात तक सरकार की ओर से बातचीत का कोई औपचारिक बुलावा नहीं आया। प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा। यदि जल्द ही सरकार ने वार्ता शुरू नहीं की, तो 10 अगस्त को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विधानसभा घेराव किया जाएगा।




