धनबाद : जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक बार फिर खतरनाक भू-धंसान की घटना सामने आई है। कतरास थाना क्षेत्र के सेलेक्टेड गोविंदपुर में अचानक जमीन धंसने से लगभग आधा दर्जन मकान देखते ही देखते जमींदोज हो गए। घटना के समय जब स्थानीय लोग अपनी आपबीती बता रहे थे, तब भी जमीन धंसने का सिलसिला जारी था। इस अचानक हुए हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। भू-धंसान इतना भीषण था कि घरों के अंदर रखा सारा कीमती सामान, घरेलू वस्तुएं और वहां खड़ी मोटरसाइकिलें भी जमीन के अंदर समा गईं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, रात में जब लोग खाना बना रहे थे, तभी बिजली कड़कने जैसी तेज आवाज हुई और जमीन धंसने लगी। लोग शोर मचाते हुए किसी तरह जान बचाकर बाहर भागे।
Read More : सोनम वांगचुक ने किया JPSC आंदोलन का समर्थन, देवेंद्र महतो को जल ग्रहण कराकर दिया संदेश
BCCL और प्रशासन मौके पर, बेलगड़िया में शिफ्ट होंगे पीड़ित
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और BCCL के अधिकारी राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। बाघमारा अंचलाधिकारी गिरिजानंद किस्कू ने बताया कि भू-धंसान की चपेट में आने से कुल छह मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोग बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। अंचलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित परिवारों को तत्काल बेलगड़िया पुनर्वास कॉलोनी में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बारिश को देखते हुए BCCL को निर्देश
अंचलाधिकारी गिरिजानंद किस्कू ने आगे जानकारी दी कि मानसून के दौरान कोयलांचल क्षेत्रों में भू-धंसान के खतरे को देखते हुए BCCL को सभी संवेदनशील इलाकों में 20-20 क्वार्टर चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। इससे भविष्य में ऐसी किसी भी आपात स्थिति के दौरान प्रभावित परिवारों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा सकेगा। लगातार हो रही बारिश के कारण कतरास क्षेत्र के लोगों में अपने घरों और जान-माल की सुरक्षा को लेकर भारी चिंता बनी हुई है।




