चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले की पुलिस ने कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गंडकीदा गांव में हुए चर्चित दंपती दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जगन्नाथपुर एसडीपीओ रफायल मुर्मू ने बताया कि यह सनसनीखेज हत्या पुरानी आपसी रंजिश के कारण की गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर, डंडा, कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
Read More : सावन की पहली सोमवारी पर रांची के पहाड़ी मंदिर में लगा सेवा शिविर
तालाब के पास मिले थे पति-पत्नी के शव
एसडीपीओ रफायल मुर्मू ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 31 जुलाई 2026 को कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गंडकीदा स्थित सरकारी तालाब के पास एक पुरुष और महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान गंडकीदा टोला विश्रामपुर निवासी डूयां सिंकू (44 वर्ष) और उनकी पत्नी रोयवारी उर्फ गोरवारी सिंकू (42 वर्ष) के रूप में हुई। घटना के संबंध में मृतक की बहू शीला सिंकू के लिखित आवेदन पर कुमारडुंगी थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से बेनकाब हुए आरोपी
मामले के अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान व तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गांव के ही चार युवकों विजय गागराई उर्फ रोड़ो गागराई (22), गिरधारी काँडाकेल उर्फ भुकलू उर्फ दासो (28), चन्द्रमोहन पूर्ति उर्फ दारा (25) और पांडू काँडाकेल (36) को संदिग्ध के रूप में चिह्नित किया। इसके बाद विशेष छापेमारी अभियान चलाकर चारों आरोपियों को धर दबोचा गया। कड़ाई से की गई पूछताछ में चारों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई
पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और साक्ष्य बरामद किए गए, जिसके बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कांड का सफल खुलासा करने में जगन्नाथपुर एसडीपीओ, झींकपानी अंचल पुलिस पदाधिकारी, कुमारडुंगी थाना प्रभारी, एसआई मिलन करमाली, एएसआई सुनील कुमार यादव समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।




