रांची : सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर और अन्य प्रमुख शिवालयों में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन की तैयारी की है। विशेष रूप से कांवर पथ और प्रमुख मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि शहर में करीब 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। डीएसपी से लेकर थाना प्रभारियों तक सभी अधिकारी सुबह से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी मजबूत की गई है।
Read More : झारखंड में चेहल्लुम और श्रावणी मेले को लेकर हाई अलर्ट, सुरक्षा के निर्देश
पहाड़ी मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों की हुई समीक्षा
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया किसीनियर ऑफिशल्स ने पहाड़ी मंदिर सहित शहर के प्रमुख शिवालयों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पहली सोमवारी के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंदिर परिसरों में भीड़ को नियंत्रित रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि सावन की पहली सोमवारी होने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में अधिक संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचेंगे। इसे देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
कांवर पथ पर विशेष सुरक्षा और लगातार गश्त
श्रावण मास की पहली सोमवारी पर बड़ी संख्या में कांवरियों के नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर पहाड़ी मंदिर पहुंचने की परंपरा है। इसे देखते हुए पूरे कांवर मार्ग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और मंदिर परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बाइक पेट्रोलिंग टीमों को लगातार गश्त करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। इसके लिए अलग से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो विभिन्न स्थानों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे।
सादे लिबास में पुलिसकर्मी रखेंगे नजर
भीड़ का फायदा उठाकर सक्रिय होने वाले पॉकेटमारों, चेन स्नैचरों और मोबाइल चोरों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है। प्रमुख मंदिरों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को सादे लिबास में तैनात किया जाएगा। ये पुलिसकर्मी भीड़ के बीच रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान और कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें।




