रांची : रांची महानगर कांग्रेस कमिटी के अग्रणी मोर्चा संगठन की बैठक शनिवार को कांग्रेस भवन, रांची में आयोजित की गई। बैठक में महानगर अग्रणी मोर्चा संगठन प्रभारी ज्योति सिंह मथारू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पिछले महीने में किए गए विभिन्न संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी एक महीने के लिए संगठन विस्तार और विभिन्न विभागों की समितियों के गठन को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
Read More : रांची में 8 अगस्त को सखुआ महोत्सव, नगर निगम लगाएगा 10 हजार पौधे
SIR प्रक्रिया में मतदाताओं की सहायता के निर्देश
ज्योति सिंह मथारू ने बताया कि SIR के तहत दावा और आपत्तियों की प्रक्रिया 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ पर मतदाताओं को इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने रांची महानगर के अल्पसंख्यक विभाग, महिला विभाग और युवा कांग्रेस को वार्ड एवं मंडल स्तर पर कमिटियों का गठन करने के लिए कहा। वहीं, एनएसयूआई को रांची महानगर के सभी महाविद्यालयों में संगठनात्मक समितियां तैयार करने का निर्देश दिया गया।
सभी वर्गों को संगठन से जोड़ने पर जोर
ज्योति सिंह मथारू ने कहा कि समिति गठन के दौरान समाज के सभी वर्गों के लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि रांची महानगर के प्रत्येक अग्रणी मोर्चा, जिनमें अल्पसंख्यक विभाग, महिला विभाग और एनएसयूआई शामिल हैं, की अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके बाद महानगर अध्यक्ष और वार्ड अध्यक्षों के साथ बैठक होगी। आगे वार्ड स्तर और महाविद्यालय समितियों की बैठकें आयोजित कर संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत किया जाएगा।
बैठक में सरकार की ओर से छात्रों, युवाओं और महिलाओं के रोजगार के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा की गई। ज्योति सिंह मथारू ने कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। बैठक में प्रदेश कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष हुसैन खान, रांची जिला महिला अध्यक्ष नीतू देवी, एनएसयूआई के महानगर अध्यक्ष सतीश और शैफ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




