शुभम हत्याकांड पर लोहरदगा चैंबर का आक्रोश, जिला बंद और चक्का जाम का आह्वान

शहर में युवा व्यवसायी शुभम की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद व्यापारिक संगठनों में आक्रोश है।
शुभम हत्याकांड

लोहरदगा : शहर में युवा व्यवसायी शुभम की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद व्यापारिक संगठनों में आक्रोश है। लोहरदगा चैंबर ऑफ कॉमर्स ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर घटना की कड़ी निंदा की और पुलिस-प्रशासन से मामले में शामिल सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने शुभम हत्याकांड के विरोध में 1 अगस्त को लोहरदगा जिला बंद और चक्का जाम का आह्वान किया है। संगठन ने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Read More : लोहरदगा में युवा व्यवसायी शुभम साहू की हत्या पर महासंघ ने मांगा न्याय और मुआवजा

पहले ज्वेलर्स और पेट्रोल पंप पर लूट का प्रयास

प्रेस वार्ता में चैंबर अध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि विगत दिन लोहरदगा जिले के लिए बेहद दुखद और शर्मनाक रहा। उन्होंने बताया कि अपराधियों ने पहले दिनदहाड़े खत्री ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूट का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार की सतर्कता के कारण वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। इसके बाद अपराधियों ने शहर के दूसरे छोर पर स्थित पतराटोली में एक पेट्रोल पंप को निशाना बनाया। वहां भी लूट का प्रयास सफल नहीं हो सका। चैंबर अध्यक्ष के अनुसार, घटनास्थल से भागने के दौरान अपराधियों ने पास की एक दुकान पर मौजूद युवा व्यवसायी शुभम को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

रितेश कुमार ने कहा कि पहली घटना के बाद पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधी खुलेआम घूमते रहे और बाद में इस गंभीर वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि लोहरदगा जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। सड़क दुर्घटनाओं, चोरी और नशे के कारोबार से जुड़ी घटनाओं में वृद्धि के कारण आम लोग और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

चैंबर अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हुआ तो व्यापारी संगठन आगे अनिश्चितकालीन बंद जैसे बड़े आंदोलन पर भी विचार कर सकता है। प्रेस वार्ता में चैंबर के वरीय उपाध्यक्ष पंकज कुमार जायसवाल, धन्नजय कांस्यकर, कार्यकारिणी सदस्य गुप्तेश्वर गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार और पुरुषोत्तम तिवारी उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *