रांची : राजधानी रांची के रातू रोड स्थित प्रसिद्ध श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर (श्री तिरुपति बालाजी मंदिर) में रविवार को दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्तिक कृष्णपक्ष की प्रदोष एवं रात्रि व्यापिनी अमावस्या तिथि पर मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर की पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दीपावली के अवसर पर सुबह भगवान का विश्वरूप दर्शन, सुप्रभातम् और तिरुवाराधनम् सहित विभिन्न अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके बाद दूध, दही, हल्दी, चंदन, शहद, गंगाजल और डाभयुक्त जल से पूरे विधि-विधान के साथ भगवान का महाभिषेक किया गया।
Read More : झारखंड सूचना आयोग में सुनवाई ठप, मुख्यमंत्री सचिवालय ने मांगी कार्रवाई की रिपोर्ट
महाभिषेक के बाद भगवान और भगवती महालक्ष्मी सहित मंदिर में स्थापित सभी विग्रहों को स्वर्ण कवच धारण कराया गया। उन्हें रेशमी वस्त्रों और विभिन्न आभूषणों से भव्य रूप से सजाया गया। इसके बाद महाआरती हुई और भगवान को नैवेद्य भोग अर्पित किया गया। अंत में निराजन आरती के साथ वेद मंत्रों के उच्चारण से महास्तुति की गई।
हजारों दीपों से जगमगाया मंदिर परिसर
शाम होते ही मंदिर परिसर दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। विद्युत लड़ियों और आकर्षक लाइटों के साथ हजारों मिट्टी के दीपकों की रोशनी ने पूरे मंदिर परिसर को रोशन कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु दीपों से सजे थाल लेकर मंदिर पहुंचीं। देर रात तक भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने परम स्थान गरुड़-ध्वज और बलिपीठम् के संधि स्थल के नीचे विधि-विधान से दीप प्रज्ज्वलित किए और भगवान से सुख-समृद्धि एवं मंगल की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं ने निभाई पूजा और भोग सेवा की जिम्मेदारी
मंदिर में आयोजित अनुष्ठानों के दौरान उद्यस्तमन सेवा के यजमान शशि भूषण सिंह और उनकी धर्मपत्नी बीना सिंह (रांची) रहे। वहीं, महाभिषेक की सेवा अनूप अग्रवाल और उनकी धर्मपत्नी मधु अग्रवाल (रांची) ने की। दिनभर के भोग निवेदन की सेवा विकास शर्मा और उनकी धर्मपत्नी रुचिता शर्मा तथा विवेक बड़जात्या और उनकी धर्मपत्नी रिया बड़जात्या ने की। इसके अलावा एक गुप्त भक्त ने भी भोग सेवा निवेदन किया।
अर्चकों ने विधि-विधान से संपन्न कराए अनुष्ठान
मंदिर में आयोजित सभी धार्मिक अनुष्ठानों को अर्चक सत्यनारायण गौतम, गोपेश आचार्य और नारायण दास जी ने विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। आयोजन में सर्वश्रेष्ठ राम अवतार नारसरिया, प्रदीप नारसरिया, रंजन सिंह, अनीश अग्रवाल और मुरारी लाल मंगल सहित अन्य लोगों की विशेष भूमिका रही।


