शहजाद पूनावाला के BJP छोड़ने की अटकलें, X बायो में बड़ा बदलाव

बीजेपी के चर्चित राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के पार्टी छोड़ने की अटकलों ने सोशल मीडिया पर जोर पकड़ लिया है।
शहजाद पूनावाला

नई दिल्ली : बीजेपी के चर्चित राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के पार्टी छोड़ने की अटकलों ने सोशल मीडिया पर जोर पकड़ लिया है। चर्चा है कि उन्होंने बीजेपी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, हालांकि इस संबंध में अभी तक न तो पार्टी की ओर से और न ही शहजाद पूनावाला की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है। गुरुवार को शहजाद पूनावाला ने अपने X प्रोफाइल का एक स्क्रीनशॉट साझा किया। उनके नए बायो में पहले लिखा ‘नेशनल स्पोक्सपर्सन, बीजेपी’ का पद हटा दिया गया है। इसके बाद उनके सक्रिय राजनीति और पार्टी से दूरी बनाने की चर्चाएं तेज हो गईं। नए X बायो में उन्होंने लिखा है, ‘धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय। लेखक: GST की यात्रा। पीएम नरेंद्र मोदी के आजीवन अनुयायी।’

X बायो में बदलाव से बढ़ी चर्चा

शहजाद पूनावाला के X प्रोफाइल पर पहले उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में दिखाया जाता था। नए बायो से यह पद हटने के बाद सोशल मीडिया पर उनके पार्टी छोड़ने को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर अब भी उन्हें BJP राष्ट्रीय प्रवक्ता बताया गया है। इस वजह से उनके इस्तीफे या पार्टी छोड़ने की खबर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पूनावाला ने अपने पुराने इंटरव्यू के कुछ क्लिप भी दोबारा पोस्ट किए हैं। इन वीडियो में वह सक्रिय राजनीति छोड़ने पर विचार करने की बात करते नजर आए थे। हालांकि, उन्होंने बीजेपी या सक्रिय राजनीति छोड़ने को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है।

कांग्रेस से शुरू किया था सियासी सफर

शहजाद पूनावाला पेशे से वकील और एक्टिविस्ट हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। दिसंबर 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को धांधली और दिखावा बताने के बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए थे। साल 2021 में उन्हें दिल्ली बीजेपी के सोशल मीडिया विंग का इंचार्ज भी नियुक्त किया गया था। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के मुखर समर्थक रहे हैं। टीवी डिबेट में वह कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे हमले करते रहे हैं। फिलहाल, शहजाद पूनावाला के X बायो में बदलाव के बाद उनके बीजेपी छोड़ने की चर्चाएं जरूर तेज हो गई हैं, लेकिन इस्तीफे को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में पार्टी छोड़ने की खबर को अभी केवल अटकल के तौर पर ही देखा जा रहा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *