उत्तराखंड में मानसून ने फिर रौद्र रूप दिखाया है। बीते 24 घंटे में मालदेवता में 233 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि देहरादून, मसूरी, जौलीग्रांट और उखीमठ समेत कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। हालात को देखते हुये चारधाम यात्रा दो दिन के लिए अस्थायी रूप से रोक दी गई है। लगातार बारिश के चलते केदारनाथ, बदरीनाथ और यमुनोत्री मार्ग कई जगह भूस्खलन और मलबा आने से बंद हो गये हैं। नदियां-नाले उफान पर हैं। प्रशासन राहत और सड़क खोलने के काम में जुटा है। एहतियात के तौर पर चार जिलों में स्कूल भी बंद कर दिये गये हैं।
16 करोड़ का नया पुल पहली बारिश में धंसा
देहरादून के नंदा की चौकी के पास करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बना नया पुल पहली ही मानसूनी बारिश नहीं झेल सका। पुल की एप्रोच रोड धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया और यातायात पूरी तरह बंद करना पड़ा। इस घटना ने निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। यमुनोत्री पैदल मार्ग का करीब 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे आवाजाही ठप हो गई। वहीं पाली गाड़ के पास हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़ यात्री घायल हो गये। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।



