पाकुड़ : पाकुड़ जिले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के आवास पर बीती देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा कर्मियों की नजर एक विशालकाय कोबरा पर पड़ी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद जहरीले सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। वनकर्मी असराफुल शेख ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि प्रखंड मुख्यालय स्थित SDPO आवास में एक बड़ा कोबरा घुसने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
Read More : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में झंडू कुमार ने जीता ब्रॉन्ज, पीएम मोदी ने दी बधाई
पालतू कुत्ते की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
वन विभाग के अनुसार, करीब 5.5 फीट लंबा कोबरा SDPO विजय कुमार के आवास के अंदर घुसने का प्रयास कर रहा था। तभी उनके पालतू कुत्ते ने भौंककर उसे रोक दिया। कुत्ते की आवाज सुनकर SDPO विजय कुमार और ड्यूटी पर तैनात जवान मौके पर पहुंचे। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
स्पेक्टेकल्ड कोबरा को जंगल में छोड़ा गया
वनकर्मी असराफुल शेख ने बताया कि रेस्क्यू किया गया सांप स्पेक्टेकल्ड कोबरा (भारतीय नाग) था, जिसे भारत के सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है। उनके अनुसार, कोबरा संभवतः शिकार की तलाश में आवास परिसर तक पहुंच गया था। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने कोबरा को सुरक्षित पकड़कर घने जंगल में छोड़ दिया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं जहरीला सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।




