बुखारेस्ट : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में आयोजित भारत-रोमानिया बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए रोमानिया को भारत का स्वाभाविक, विश्वसनीय और महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार बताया। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और औद्योगिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
Read More : अमेरिका ने भारत पर 10% टैरिफ लागू किया, टेक्सटाइल से इंजीनियरिंग सेक्टर तक बढ़ेगी चुनौती
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि यूरोप के केंद्र में स्थित रोमानिया अपनी रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, कुशल मानव संसाधन, विकसित औद्योगिक क्षमता और यूरोपीय संघ (EU) के साथ मजबूत जुड़ाव के कारण भारत के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार है। उन्होंने कहा कि रोमानिया भारतीय निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य होने के साथ-साथ पूरे यूरोपीय बाजार तक पहुंच का अहम प्रवेश द्वार भी है।
उन्होंने भारतीय और रोमानियाई उद्योग जगत से आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्था है और दोनों देशों के बीच व्यापार, नवाचार, हरित ऊर्जा, डिजिटल तकनीक तथा विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के कारोबारी समुदाय नई साझेदारियां स्थापित कर आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यह यात्रा ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि तीन दशक से अधिक समय बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति की यह पहली राजकीय यात्रा है। रोमानिया उनकी तीन देशों की यूरोपीय यात्रा का अंतिम पड़ाव है। इससे पहले वह मोल्दोवा और उत्तरी मैसेडोनिया का दौरा कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य भारत और यूरोपीय देशों के साथ आर्थिक, व्यापारिक, तकनीकी और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करना है।




