सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना हॉस्पिटल के आईसीयू में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई। आग लगने से आईसीयू को भारी नुकसान पहुंचा है और अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये की क्षति हुई है। हालांकि समय रहते सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
Read More : डिमना लेक में डूबे एमजीएम के दो जूनियर डॉक्टरों के शव मिले, अस्पताल में शोक
अस्पताल प्रबंधन के स्थानीय हेड राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि आग लगते ही अस्पताल के फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण झारखंड अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि समय रहते मरीजों को दूसरे वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, मरीजों के परिजनों ने सुरक्षित निकासी पर राहत जताई और किसी के हताहत नहीं होने पर भगवान का शुक्रिया अदा किया।
पुलिस ने शुरू की जांच
आग लगने की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।




