धनबाद : धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र स्थित सदरयाडीह में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में नए सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरे दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। बताया गया कि टैंक करीब एक महीने से बंद था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read More : DSPMU में प्रदर्शन के बीच बवाल, छात्र संगठनों और कर्मचारियों में झड़प
यह इलाका पहले से ही गैस रिसाव, भू-धंसान और जमीन के नीचे लगी आग जैसी समस्याओं के लिए जाना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीसीसीएल परियोजना के आसपास रहने वाले हजारों ग्रामीण लंबे समय से खतरे के बीच जीवन बिताने को मजबूर हैं।
जहरीली गैस से टैंक के अंदर बेहोश हुए मजदूर
स्थानीय लोगों के अनुसार गुरुवार को करीब 10 फीट गहरे नए सेप्टिक टैंक को खोलकर उसकी सफाई का काम शुरू किया गया। सफाई के लिए जैसे ही दो मजदूर टैंक के अंदर उतरे, जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण दोनों बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
मृतकों की पहचान सदरयाडीह निवासी दिलीप महतो और महुदा थाना क्षेत्र के अंधारी निवासी राजेश महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण जहरीली गैस और टैंक के भीतर ऑक्सीजन की कमी माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. ज्योति लाल ने बताया कि दोनों मजदूरों की मौत दम घुटने से हुई है। वहीं, केशरगढ़ पंचायत की मुखिया के पति लखिंद्र महतो ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के हजारों लोग जहरीली गैस, भू-धंसान और भूमिगत आग से प्रभावित इलाके में रहने को मजबूर हैं, लेकिन बीसीसीएल की ओर से उनके पुनर्वास के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बाघमारा अंचलाधिकारी गिरजानंद किस्कू ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा और बचाव संबंधी उपायों को लेकर बीसीसीएल के महाप्रबंधक (जीएम) से पत्राचार किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



